“वो लड़की कहाँ गई?”
Woh Ladki Kahan Gayi?
यह कविता उस लड़की की कहानी है, जो कभी ज़िद्दी, अल्हड़ और बेख़ौफ़ हुआ करती थी। प्यार से इतराती थी और मजनुओं को मोहब्बत के पाठ पढ़ाया करती थी। फिर ज़िंदगी की कुछ घटनाओं ने उसे इतना सहमा दिया कि अब वह खुलकर मुस्कुरा भी नहीं पाती। हँसने की कोशिश करती है, तो उसकी आँखें रो पड़ती हैं। उसके भीतर जाने कितना ग़म दबा है। यह कविता उसी अल्हड़, ज़िद्दी, बेख़ौफ़ लड़की से आपकी मुलाक़ात कराएगी—जो कहीं खो गई है… मगर जिसके भीतर अभी भी वह लड़की ज़िंदा है। और शायद… आज नहीं तो कल, हम उसे फिर से ढूँढ लेंगे।

मैं उस ज़िद्दी, अल्हड़, बेख़ौफ़, बेबाक, अपनी-सी,
प्यार से इतराती हुई,
मजनुओं को मोहब्बत का पाठ सिखाती लड़की को ढूँढ रही थी…
मिली?
हाँ…
एक सहमी-सी लड़की से मुलाक़ात हुई,
जो दर्द को दिल में बसा,
आँखों में सारी दास्ताँ समेटे,
मुस्कुराती हुई कहती है—
“हाँ, मैं ठीक हूँ…”
पगली नहीं जानती,
अब वो भले ही चुप हो,
उसकी आँखें बता देती हैं
कि अंदर ही अंदर कुछ टूट रहा है,
हर पल उसके हाथों से कुछ छूट रहा है।
उसकी बातें भी अब
कुछ छुपा नहीं पा रहीं,
जो बीता है दिल पर,
वो आँसुओं में टपककर
बाहर आ रहा है।
वो बेख़ौफ़ अब सहमकर जवाब देती है,
खुलकर हँसती है
तो पगली रो देती है…
फिर…
सुनो, पगली लड़की,
तुम कहो—हम सब सुनेंगे।
तुम ख़ामोश रहो,
हम तुम्हारी आँखों में पढ़ लेंगे।
देखी होगी ज़माने ने
ग़ैरों से लड़ने की कहानियाँ,
मगर ख़ुद से लड़ना,
गिरना,
बिखरना,
फिर ख़ुद को समेटकर
दोबारा लड़ना—
इन किस्सों को भी
एक कहानी बनाएँगे।
उस अल्हड़,
उस बेख़ौफ़ लड़की से
आज नहीं तो कल,
कलम की मुलाक़ात
ज़रूर कराएँगे।
Summary
“वो लड़की कहाँ है?” एक ऐसी लड़की की कहानी है, जो कभी अल्हड़, बेख़ौफ़, बेबाक और अपनी ही धुन में जीने वाली थी। लेकिन समय, परिस्थितियों, सामाजिक अपेक्षाओं और जीवन की घटनाओं ने धीरे-धीरे उसके भीतर के उस निडर व्यक्तित्व को दबा दिया। अब वही लड़की सहमी हुई है, अपने दर्द को मुस्कान के पीछे छिपाती है और हँसते हुए भी रो पड़ती है। कविता उस खोई हुई लड़की की तलाश है—और साथ ही एक उम्मीद भी कि उसके भीतर की वह पुरानी, निडर और बेख़ौफ़ लड़की अभी पूरी तरह खोई नहीं है। उसे फिर से खोजा और अपने जीवन में वापस लाया जा सकता है।
Writer's Notes
एक शाम मैं एक ऐसी लड़की से मिली, जिसे मैं पिछले 20 सालों से जानती हूँ। कॉलेज के दिनों से उसे देखा है। उसे देखते ही मन में बस एक ही ख़याल आता था— “ये बावरी-सी लड़की अपनी ज़िंदगी में जैसे रंग भर देती है।” उसकी बेफ़िक्री, उसकी हँसी, उसका अल्हड़पन… सब कुछ इतना अपना-सा लगता था। मगर उस शाम, कई सालों बाद जब उससे दोबारा मुलाक़ात हुई, तो सामने वही लड़की थी… लेकिन कुछ बदली हुई। जिस बावरी लड़की की आँखों में कभी शरारत और ज़िंदगी के रंग हुआ करते थे, उसी की आँखों में उस दिन जैसे पूरी दुनिया का ग़म ठहरा हुआ था। वह सहमी हुई थी। मैं उसे देखती रही… और शायद उसी पल मुझे अपने कॉलेज की वो बावरी लड़की फिर से याद आ गई। उसी बावरी की तलाश में मैंने यह कविता लिख दी।
Credits
NEHA MALIK ( theakshara)
More Poems
शादी के बाद, माँ बहुत याद आएगी
सोचती थी, उस छोर जाकर इन सबसे आज़ादी मिल जाएगी, कौन जाने, शादी के बाद माँ बहुत याद आएगी।।
एकतरफ़ा इश्क़
“मेरे हिस्से किताबें, तुम्हारे हिस्से इंतज़ार आया, मैं संवर गया, तुम संभल ना सकी, मर कर भी इस एकतरफ़ा मोहब्बत से रिहाई ना मिली।”
कुंवारी लड़की
“सुंदर नहीं है, बड़े घर कहाँ ब्याह पाओगे सुंदर है, बधाई हो, बिन मोल, आसानी से तिर जाओगे।” मासूमियत, काबिलियत तन पर आकर बिक गई कितना लगाओगे, पिता की सारी कमाई दहेज की भेंट चढ़ गई। हर दिन उसकी उम्र गिनाए जानी लगी पैदा क्यों हुई, अब ये बात जताई जाने लगी कुंवारी हूं, अपनों के मुंह से बोझ मानी जाने लगी।
