Poem · कवितासमाज / Society Featured

कुंवारी लड़की

Kunwari Ladki

14 September 2026 5 reads

यह कविता उस कुंवारी लड़की की कहानी है, जिस पर एक उम्र के बाद समाज और परिवार की अपेक्षाओं का दबाव इस कदर बढ़ जाता है, मानो उसका लड़की होना ही कोई अपराध हो। उसकी उम्र सवाल बन जाती है, उसकी सुंदरता विवाह का पैमाना और उसकी काबिलियत भी उसी तराज़ू पर तौली जाने लगती है। धीरे-धीरे उसका अपना होना, उसकी पहचान और उसके सपने—सब रिश्तों और सामाजिक मान्यताओं के बीच कहीं दबने लगते हैं। लेकिन यह कहानी केवल दबाव, सवालों और टूटती हुई उम्मीदों की नहीं है। यह उस लड़की की आवाज़ भी है, जो इन तमाम पैमानों को नकारकर समाज के सामने खड़ी होती है और अपने अस्तित्व पर गर्व से कहती है— “मैं कुंवारी हूं।”

Kunwari Ladki

कुंवारी लड़की

घर की चारदीवारी में मौन चहचहाट है
पीले हाथों की उम्र आ चली, सच है, या कोई आहट है।

पराया धन बिन ब्याह अपने घर पराई हो चली
“गुड्डे-गुड़िया के खेल में, कुंवारी कन्या की चिंता से मिली।

कुंवारी पर आकर परिवार की गिनती निपट गई
उस छोर कैसे करेगी, इस छोर की दुनियां बस यही सिमट गई।

“सुंदर नहीं है, बड़े घर कहाँ ब्याह पाओगे
सुंदर है, बधाई हो, बिन मोल, आसानी से तिर जाओगे।”

मासूमियत, काबिलियत तन पर आकर बिक गई
कितना लगाओगे, पिता की सारी कमाई दहेज की भेंट चढ़ गई।

शिक्षित है, सरकारी तो नहीं
सरकारी है, गृहकार्य में दक्ष तो नहीं
गृहकार्य में दक्ष तो है, शिक्षित तो नहीं

समाज की नज़र में ब्याह बस त्योहार है
माता-पिता के लिए बेटी का ब्याह चिंताओं का अंबार है।

ब्याह में देरी सामाजिक अपराध जैसा हो गया
अच्छा वर न मिले इस देरी न हो, समाज तो क्या,
कुंवारी को परिवार ने ही झकझोर दिया।

हर दिन उसकी उम्र गिनाए जानी लगी
पैदा क्यों हुई, अब ये बात जताई जाने लगी
कुंवारी हूं, अपनों के मुंह से बोझ मानी जाने लगी।


मैं कुंवारी हूं
मां बाप के गुरुर की सवारी हूं
समाज कुछ भी कहे
एक नई क्रांति की चिंगारी हूं
गर्व से कहती हूं
मैं कुंवारी हूं।।

Summary

एक लड़की अपने परिवार और अपनों को समाज के दबाव में घिरा हुआ देखती है। इसी अनुभव से उसे समझ आता है कि समाज के बनाए मानकों के अनुसार कुंवारी से विवाहित होने तक का सफ़र केवल लड़की का नहीं होता, बल्कि उसके माता-पिता और पूरे परिवार को भी अनेक भावनात्मक और सामाजिक दबावों से गुजरना पड़ता है। लेकिन वह लड़की इस सोच के आगे झुकने के बजाय अपने कुंवारेपन को अपनी कमजोरी नहीं, बल्कि अपनी पहचान और अपनी शक्ति मानती है। वह समाज को चुनौती देते हुए अपने अस्तित्व पर गर्व करती है और कहती है—कुंवारी होना कोई कमी नहीं, बल्कि मेरा चुनाव, मेरा अस्तित्व और मेरा गौरव है।

Writer's Notes

यह मेरी कहानी है, जिसे मैंने कलम उठाकर शब्दों में पिरोया और आपके बीच रख दिया है। यह केवल मेरी कहानी नहीं, बल्कि हमारे समाज की उस सच्चाई का आईना है, जिसे हम अक्सर देखना नहीं चाहते। हम विवाह के बाद होने वाली हिंसा को तो हिंसा मानते हैं, लेकिन क्या कभी उस हिंसा को देखा है, जो विवाह से पहले ही एक लड़की और उसके परिवार को धीरे-धीरे भीतर से तोड़ने लगती है? उम्र का हिसाब, सुंदरता के पैमाने, रिश्तों की तलाश, दहेज की चिंता, समाज के सवाल और परिवार की बढ़ती बेचैनी—ये सब भी अपने आप में एक तरह की हिंसा हैं। बस फर्क इतना है कि इनके निशान दिखाई नहीं देते, इसलिए कोई अख़बार इन्हें खबर नहीं बनाता। यह कविता उसी अनदेखी हिंसा की आवाज़ है। इसे ज़रूर पढ़िए—शायद किसी लड़की की ख़ामोशी में आपको उसकी आवाज़ सुनाई दे।

Credits

NEHA MALIK ( theakshara)