अधूरी मोहब्बत के अधूरे सवाल
The Unfinished Questions of an Unfinished Love.
कुछ मोहब्बतें मुकम्मल नहीं होतीं, और कुछ सवाल उम्र भर अधूरे रह जाते हैं। ये कहानी है रूहानी की—एक ऐसी लड़की की, जिसने मोहब्बत पर पूरा यक़ीन किया था।

‘रूहानी’ ऐसी लड़की, जिसे पल भर देखो तो रूहानियत आँखों में उतर आए। मासूम इतनी कि हवा भी उसे छूकर गुज़रे, तो वह खुशी से झूम उठे।
रूहानी रेलवे स्टेशन पर अपने परिवार का इंतज़ार कर रही थी।
पलटकर देखा तो परिवार सामने था, किंतु उस भोले-से चेहरे पर एक सवाल और आँखों में बेचैनी थी। उसने पापा की ओर देखा, फिर नजरें घुमाकर पूछा—
“ये इतनी ऊँची कद-काठी वाला, बहरूपिया-सा दिखने वाला लड़का कौन है?”
पापा ने कहा " तुम्हारी 'रूह ' माँ तुम्हारा इंतज़ार कर रही है ,हुकुम हो तो मोहतरमा चले ।
ड्ड्राइवर सीट पर मौजूद रूहानी के भाई ने ,रूहानी के लिए बहरूपिया सा दिखने वाला लड़का राघवेन्द्र
( राघव) को आगे आकर बैठने का इशारा किया ।
रूहानी पापा को बता रही थी कि अब वो बड़ी हो गई , देखा ख़ुद से ट्रेन का सफ़र करने लगी ।
परिवार में ख़ुशी का माहौल था।
माँ ने कहा, “रूहानी, राघव से मिलो। ये विनय अंकल—तुम्हारे पापा के बचपन के दोस्त—के बेटे हैं। किसी काम से आए थे और इस बहाने तुमसे भी मुलाकात हो गई।”
रूहानी ने राघव को अजनबी-सी नज़रों से देखा और फिर नज़रें घुमा लीं।
सभी बाज़ार जाने के लिए उत्साहित थे। पापा ने कहा, “राघव को भी जयपुर देखना चाहिए।”
फिर राघव की ओर देखकर बोले,
“तुम भी चलो राघव। हमारी मेहमाननवाज़ी तुम्हें जीवन भर याद रहेगी।”
सब खिलखिला उठे।
रूहानी, माँ, उसका भाई और राघव गाड़ी की ओर बढ़े।
lसब व्यस्त थे। अचानक रूहानी मेज़ से टकराकर सीढ़ियों की ओर गिरने ही वाली थी कि राघव ने उसका हाथ पकड़कर उसे अपनी ओर खींच लिया।
राघव ने कहा,“ध्यान से, तुम गिर जाती।”
रूहानी ने कहा, “तो संभल जाती।”
“मदद के लिए शुक्रिया।” कहकर वो माँ को ढूँढ़ने लगी।
कुछ दिनों में राघव ने अपना काम पूरा किया और जयपुर से विदा ले ली। तब तक रूहानी की छुट्टियाँ भी ख़त्म हो चुकी थीं।
दोनों अपने-अपने शहर लौट गए और अपने-अपने कॉलेज में पढ़ने लगे।
महीने गुज़र गए और दोनों ने कभी कोई बात नहीं की।
शहर तो जनाब छोड़ आए, पर वो मासूम-सी दिखने वाली लड़की, जो भीड़ में भी खामोश रहती है, सहमी-सी रहती है—वो सबसे अलग थी। दिल चाहता था कि उसके कदमों में ये दुनिया बिछा दूँ।
उस मासूम की यादें अपने साथ ले आए थे राघव।
राघव ने फेसबुक पर रूहानी को ढूँढ़ा और किस्मत से वो रूहानी तक पहुँच ही गया।
बातों-बातों में राघव ने अपने दिल की आवाज़ रूहानी तक पहुँचाने की कोशिश की—वो उसे पसंद करने लगा था।
रूहानी असहज थी। समझ भी चुकी थी और नज़रअंदाज़ भी कर रही थी। कुछ कहने से पहले ही उसने खामोशी को चुन लिया।
“रूहानी, मैं बस तुमसे बात करना चाहता हूँ, तुम्हारा दोस्त बनना चाहता हूँ—तुम पर कोई दबाव नहीं है, तुम ‘ना’ कहने का पूरा हक रखती हो।”
दो साल तक राघव और रूहानी कभी-कभी बात करते रहे, दोस्ती बनी रही।”रूहानी की ज़िंदगी में ये पहला लड़का था, या फिर कह लीजिए कि पहली बार रूहानी ने ज़िंदगी को एक नए नज़रिए से देखना शुरू किया था।
कच्ची उम्र मे पक्के रिश्ते समझ नहीं आते, समझ आता है तो केवल एक दूसरे को मिलने वाला प्यार ।
"उम्र कोई भी हो मोहब्बत ने कहाँ रहमत नहीं बरसायी "
रूहानी को राघव के फ़ोन का इंतजार रहता था ,
“पता नहीं दोनों एक दूसरे को क्यों पसंद करते थे’?
पर दोनों को लगता था कि वो एक जैसे ही है, रूहानी सबसे बेखबर होकर बस प्यार मे पड़ गई ।
दोनों को एक-दूसरे की दोस्ती इतनी पसंद आई कि दो साल बाद रूहानी ने राघव के प्यार को स्वीकार कर लिया।
उस दिन कुछ तो ऐसा हुआ, जिसे कायनात ने इश्क़ पढ़ लिया।
अब दोनों की बातें सिर्फ बातें नहीं रहीं। मिनट कब घंटों में बदल गए, छिप-छिपाकर मोहब्बत परवान चढ़ने लगी और दोनों ने एक-दूसरे के साथ जीवन भर रहने का फैसला कर लिया।
रूहानी का कॉलेज खत्म हुआ और वो नौकरी की तलाश में अपने शहर वापस लौट आई।
राघव का परिवार भी व्यापार को आगे बढ़ाने के लिए जयपुर आकर बस गया।
भला इससे अधिक दोनों ईश्वर से और क्या ही माँग सकते थे कि दो शहरों की दूरी आकर दो गलियों में सिमट गई।
रूहानी चाहती थी कि राघव खुद के पैरों पर खड़ा हो। राघव भी हर दिन अपने संघर्ष में जुटा रहता और रूहानी उसका साथ देती।
रूहानी अच्छी तरह जानती थी कि उसके पिता राघव को आसानी से स्वीकार नहीं करेंगे। राघव के पिता उसके पिता के बचपन के दोस्त थे। परिवार के हर रिश्ते को उनसे बेहतर भला कौन जान सकता था? वो जानते थे कि राघव के माता-पिता, भाई और उसकी पत्नी के बीच रिश्ते कैसे हैं।
इन सबके बावजूद राघव को लेकर रूहानी के पिता के मन में आत्मीयता थी। शायद इसी उम्मीद पर रूहानी इतना आगे बढ़ी थी।
दोनों के मन में राघव के परिवार को लेकर संघर्ष था और राघव हर दिन सब कुछ ठीक करने की कोशिश में लगा रहता था। रूहानी भी यही जानती थी कि शायद एक दिन सब ठीक हो जाए।
जब भी परिवार को कुछ शक होता या माँ उससे कुछ पूछती, रूहानी साफ़ मना कर देती—
“जैसा आप सोच रहे हैं, वैसा कुछ नहीं है।”
रूहानी के जीवन की ये पहली मोहब्बत थी। वो परिवार की उम्मीदों के बिल्कुल विपरीत, सबसे छुपकर राघव से मिलती थी और दोनों साथ में खूब वक्त गुज़ारते थे।
फ़रेब और झूठ मोहब्बत में हो नहीं सकता—ये रूहानी का विश्वास था।
घंटों फोन पर बातें करना, पूरे दिन की बातें एक-दूसरे के साथ साझा करना। कभी राघव हारा तो रूहानी ने उसे संभाल लिया, रूहानी रोई तो राघव ने उससे कभी न रोने का वादा लिया।
मेहनत करते रहे, सपने सजाते रहे कि एक दिन सब ठीक हो जाएगा और खुशी-खुशी उनका भी परिवार होगा।
ये सारे वादे, कसमें, संघर्ष, मुलाकातें, आँसू, छिपना-छिपाना—समय कब आठ सालों में बदल गया, दोनों को पता ही नहीं लगा।
मोहब्बत में जुदाई न हो, तो भला वो मोहब्बत कैसी?
रूहानी के फोन पर उसके भाई की नज़र पड़ी। कुछ बातें ऐसी थीं, जिन्हें देखकर सवाल पूछने की ज़रूरत नहीं पड़ती। भाई समझ गया कि ये रिश्ता नया नहीं, बहुत पुराना है।
बिना रूहानी और उसके पिता को बताए, उसने घर में रूहानी के लिए एक रिश्ता रख दिया।
रूहानी ने राघव को सब बता दिया।
राघव बिना कुछ सोचे रूहानी के घर पहुँच गया। रूहानी को उसके आने की खबर तक नहीं थी। कुछ ही देर में उसकी माँ और भाई के सामने राघव खड़ा था और बात समझाने से झगड़े तक पहुँच गई।
रूहानी को कुछ समझ नहीं आया कि अचानक ये सब कैसे हो गया। वो सबको समझाना चाहती थी कि उसकी नीयत सच्ची है, उसने किसी को धोखा नहीं दिया। लेकिन शायद उस रात किसी को उसकी बात सुननी ही नहीं थी
उस दिन सब कुछ बिखर गया।
रूहानी ने पहली बार अपने परिवार के सामने स्वीकार किया—
“हाँ, मैं और राघव पिछले आठ साल से एक-दूसरे के साथ हैं।”
आठ साल।
एक ऐसा सच, जिसे रूहानी इतने वर्षों से अपने भीतर संभालकर बैठी थी, उस दिन सबके सामने था।
परिवार के लिए ये किसी झटके से कम नहीं था।
कहते हैं ना, बात ठीक से न बोली जाए तो सही बात भी अपराध लगने लगती है।
शायद उस रात रूहानी की मोहब्बत भी एक अपराध बन गई थी।
रूहानी की बात सामने आने के बाद पूरा परिवार उससे बात नहीं करना चाहता था। घर में उसकी हर गतिविधि पर नज़र रखी जाने लगी और उसके लिए रिश्ते का दबाव भी बढ़ता गया।
रूहानी अकेली सब सहती रही।
लेकिन उसने राघव से भी बात नहीं की।
उसके भीतर एक ही सवाल था—आठ साल तक साथ रहने के बाद राघव ने अचानक उसके घर आने का फैसला क्यों किया?
उधर राघव अपने परिवार से लड़ रहा था। वो चाहता था कि उसका परिवार उसका साथ दे और रूहानी का हाथ माँगने उसके साथ जाए। लेकिन राघव का परिवार भी रूहानी को पसंद नहीं करता था। उन्हें लगता था कि राघव, रूहानी के लिए अच्छा साथी नहीं है।
राघव इस बात को स्वीकार नहीं कर पा रहा था।
जिस रिश्ते के लिए उसने आठ साल इंतज़ार किया था, उसी रिश्ते में आज दोनों परिवार उसके खिलाफ खड़े थे।
इसी बीच एक दिन राघव और रूहानी की कुछ पलों के लिए मुलाकात हुई।
रूहानी के सामने वही राघव था, लेकिन कुछ बदला हुआ।
राघव ने उससे कहा कि अगर उसने उसका साथ नहीं दिया, तो वो उसके पिता और पूरे खानदान तक ये बात पहुँचा देगा कि रूहानी पिछले आठ साल से उसके साथ थी।
रूहानी स्तब्ध थी।
वो कुछ कह नहीं पाई।
जिस राघव को वो आठ साल से जानती थी, उसके इस रूप से वो पहली बार मिली थी।
राघव जानता था कि रूहानी का परिवार इस रिश्ते के खिलाफ होगा। वो ये भी जानता था कि रूहानी अपने परिवार को खोने से डरती है।
फिर भी उसने उस दिन ये कदम क्यों उठाया?
रूहानी के पास इस सवाल का कोई जवाब नहीं था।
उसके भीतर जैसे कुछ टूटकर रह गया था।
शायद कुछ ऐसा, जिसके बाद वो खुद को पहले जैसा ज़िंदा महसूस नहीं कर पाई।
रूहानी हर दिन मरती, फिर ज़िंदा होने का अभिनय करती और नौकरी पर चली जाती।
कुछ था जो वो कहना चाहती थी, मगर उसके होंठों पर ख़ामोशी ठहर गई थी।
“बुलाईए अपनी बेटी को, आखिर है कहाँ वो चरित्रहीन लड़की?
जो किसी भी लड़के से इश्क़ करने का हुनर रखती है।
बुलाईए उसे”
शराब के नशे में धुत्त राघव को शायद ये भी होश नहीं था कि वो किसके घर के सामने खड़ा है।
रूहानी के भाई ने उसे चुप कराने की कोशिश की। बात बढ़ी, झगड़ा हुआ और देखते ही देखते आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
कुछ ही देर में पुलिस भी वहाँ पहुँच गई।
लेकिन राघव रुकने वाला नहीं था।
वो लगातार रूहानी को गलत कहता रहा।
और रूहानी?
उसे परिवार ने एक कमरे में बंद कर रखा था।
वो दरवाज़े के पीछे खड़ी सब सुन रही थी।
उस रात रूहानी अपने आठ साल की मोहब्बत का,
मोहब्बत पर विश्वास करने का,
किसी को खुद से भी ज़्यादा चाहने का,
और किसी पर आँख बंद करके भरोसा करने का मोल चुका रही थी।
उसके हाथ से उस रात सब कुछ चला गया था—
इज़्ज़त,
परिवार,
मोहब्बत
और बच गए थे,
तो सिर्फ़ अधूरे सवाल।
बारह साल गुजर गए।
रूहानी आज तक राघव से दोबारा नहीं मिली।
कुछ साल बाद राघव ने फोन पर उससे बात करने की कोशिश की, लेकिन रूहानी ने कभी फोन नहीं उठाया।
शायद कुछ रिश्ते जवाब माँगते-माँगते खत्म नहीं होते,
बस एक दिन सवाल बनकर रह जाते हैं।
और इस तरह रूहानी की मोहब्बत भी एक सवाल बनकर रह गई—
“मोहब्बत थी या नहीं, कौन जाने,
तुम बिन गुनाह, सबके गुनहगार हो गए।
जाना था, चले जाते,
क्यों तुम?
अधूरी मोहब्बत के अधूरे सवाल हो गए।”
Summary
रूहानी एक मासूम और शांत स्वभाव की लड़की है, जिसकी ज़िंदगी में राघव एक अनजाने सफ़र की तरह आता है। एक मुलाक़ात से शुरू हुई पहचान दोस्ती में बदलती है और फिर धीरे-धीरे आठ साल लंबी मोहब्बत का रूप ले लेती है। दोनों एक-दूसरे के साथ ज़िंदगी बिताने का सपना देखते हैं, लेकिन अपने परिवारों की मंज़ूरी का इंतज़ार करते रहते हैं। जब उनके रिश्ते का सच परिवार के सामने आता है, तो रूहानी और राघव की मोहब्बत एक ऐसे मोड़ पर पहुँचती है जहाँ दोनों परिवार उनके साथ नहीं खड़े होते। रूहानी अपने परिवार की नाराज़गी और रिश्ते के दबाव के बीच अकेली पड़ जाती है, जबकि राघव भी अपने परिवार के विरोध से जूझता है। फिर एक रात राघव का ऐसा रूप रूहानी के सामने आता है, जिसे उसने आठ साल की मोहब्बत में कभी नहीं देखा था। उस रात के बाद रूहानी के पास न कोई जवाब बचता है, न कोई सवाल पूछने की हिम्मत। बारह साल बाद भी वह उस रिश्ते का सच जानने की कोशिश नहीं करती। क्योंकि कुछ मोहब्बतें खत्म नहीं होतीं—बस अपने पीछे ऐसे सवाल छोड़ जाती हैं, जिनका जवाब शायद कभी नहीं मिलता।
Writer's Notes
बीता हुआ कल ज़रूरी नहीं लौटकर न आए। कभी-कभी कलम ऐसी कहानी को ज़िंदा कर देती है, जिसे दिल कब का दफ़ना चुका हो, और रूह आज भी उस घटना से काँपती है। पर दिल ही तो क्या करे?
Credits
theakshara
